बाराबंकी। जिले में बृहस्पतिवार शाम से शुक्रवार सुबह तक हुए दो सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। रामनगर के चेरे पुरवा गांव निवासी मुकेश यादव (32) बृहस्पतिवार देर शाम सात वर्षीय पुत्री प्रियांशी के साथ दरियाबाद के लक्ष्मणपुर में एक वरीक्षा कार्यक्रम से लौट रहे थे। रोहिलानगर पुलिया के पास मुकेश की बाइक में पिकअप की टक्कर लग गई। इससे मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि प्रियांशी को जिला अस्पताल भेजा गया। उधर, लोनीकटरा के अलादादपुर गांव के हरिनाम (65) शुक्रवार सुबह गांव के पास लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर बस का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान तेज रफ्तार कार की टक्कर लगने से घायल हो गए। केजीएमयू में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।