बाराबंकी। जिले में बुखार की चपेट में आकर दिव्यांग युवती समेत दो लोगों की मौत हो गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने दोनों को लखनऊ के निजी अस्पतालों में भर्ती कराया था। सोमवार को उपचार के दौरान दोनों ने दम तोड़ दिया। स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित गांवों में जांच कराने के निर्देश दिए हैं।
एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी नजराना
त्रिवेदीगंज प्रतिनिधि के अनुसार, बड़वल गांव निवासी पीर मोहम्मद की 21 वर्षीय दिव्यांग बेटी नजराना एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने शुक्रवार को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया। सुधार होने पर शनिवार को घर ले आए, लेकिन रविवार को फिर हालत बिगड़ गई। परिजन उसे गोसाईगंज सीएचसी ले गए, जहां सोमवार को उसकी मौत हो गई। सीएचसी अधीक्षक डॉ. मुकुंद पटेल ने गांव में स्वास्थ्य टीम भेजकर जांच कराने की बात कही।
वायरल बुखार से संदीप की मौत
कुर्सी प्रतिनिधि के अनुसार, टिकैतगंज बाजार निवासी संदीप प्रजापति (26) पांच दिन पहले वायरल बुखार की चपेट में आए थे। हालत बिगड़ने पर परिजनों ने बृहस्पतिवार को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां सोमवार को उनकी मौत हो गई। घुंघटेर सीएचसी अधीक्षक डॉ. आरपी वर्मा ने बताया कि गांव में टीम भेजकर मौत के कारणों की जांच कराई जाएगी।
गंदगी से बीमारियों का खतरा
टिकैतगंज कस्बे और आसपास के गांवों में सफाई व्यवस्था खराब है। जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं, जिससे बीमारियां फैलने का खतरा बना हुआ है।
वर्जन
जिले में बुखार से दो मौतों का मामला संज्ञान में आया है। संबंधित सीएचसी अधीक्षकों को मौके पर जाकर शिविर लगाकर लोगों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं।
-डॉ. रंजन गौतम, सीएमओ