सिकलिक का पुरवा गांव में मारपीट की घटना के बाद सीएचसी में जुटे ग्रामीण।
टिकैतनगर (बाराबंकी)। सिकलिक का पुरवा गांव में शनिवार देर शाम गाना बजाने और महिला पर छींटाकशी को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर से लाठी-डंडे चलने लगे। मारपीट में राकेश की पत्नी विमला (45) के सिर में लाठी लगने से मौत हो गई, जबकि करीब 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, सिकलिक का पुरवा मजरे विद्यानगर गांव में धर्मेंद्र और विनीता की परचून की दुकानें आमने-सामने हैं। शनिवार शाम दोनों पक्षों की ओर से गाना बजाया जा रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया।
विनीता के भतीजे संजय ने आरोप लगाया कि करीब तीन महीने पहले भी दूसरे पक्ष के लोगों ने उनके परिवार की एक महिला पर छींटाकशी की थी। उस समय थाने में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया था। शनिवार शाम उसकी पत्नी नल से पानी लेने गई थी, तभी फिर अभद्रता की गई। विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। इस दौरान विमला के सिर में लाठी लग गई, जिससे उनकी मौत हो गई।
मारपीट में संजय, सुखदेई, राकेश, नितिन, अमित, ननकू और कुसुम समेत कई लोग घायल हुए हैं। दूसरे पक्ष की भी एक महिला के घायल होने की जानकारी है। उसे सीएचसी टिकैतनगर ले जाया गया। पुलिस ने विमला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
सीओ रामसनेहीघाट सौरभ श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में गाना बजाने को लेकर विवाद की बात सामने आई है। मारपीट में एक पक्ष के कई लोग घायल हुए हैं, जबकि दूसरे पक्ष के दो-तीन लोगों को भी चोटें आई हैं। मामले की जांच की जा रही है। घटना में शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।