बाराबंकी। अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसे में सोमवार शाम दो लोगों की मौत हो गई। जबकि गंभीर घायल एक युवक को लखनऊ केजीएमयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। थाना क्षेत्र लोनीकटरा क्षेत्र में लखनऊ-सुल्तानपुर हाईवे पर सोमवार की देर शाम दो बाइकों की टक्कर में रामसनेहीघाट के ग्राम बरुआमऊ निवासी मतीन (35) पुत्र मुस्ताक की मौत हो गई। जबकि दूसरी बाइक पर सवार लोनीकटरा क्षेत्र के अलादादपुर निवासी आकाश (32) गंभीर घायल हो गया। उसे सीएचसी से ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया है।
दूसरा हादसा रामसनेहीघाट क्षेत्र में भेंदुआ मोड़ के पास हुआ। भिटरिया गांव निवासी राम अभिलाष (65) भेंदुआ मोड़ पर सोमवार की शाम को पैदल जा रहे थे, तभी बाइक सवार ने टक्कर मार दी। गंभीर हालत में सीएचसी पहुंचाया गया जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि बाइक चालक को हिरासत में लिया गया है। (संवाद)