बाराबंकी। जिले में अलग-अलग जगहों पर हुए सड़क हादसों में दो युवकों की मौत हो गई। मृतकों में एक की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं। वहीं एक महिला समेत चार लोग घायल भी हुए हैं।
पहला हादसा बदोसरायं कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार देर रात कोटवाधाम चौराहे के पास हुआ। यहां पर थाना टिकैतनगर क्षेत्र के भटपुरवा गांव निवासी शुभम वर्मा (30) अपने परिवार के साथ रामलीला देखने बरौलिया गांव गया था। वहां परिवार को छोड़कर वह कार से अपने गांव वापस जा रहा था। कार की रफ्तार तेज होने के कारण उसका नियंत्रण बिगड़ गया और कार पलटकर सड़क किनारे एक मंदिर की दीवार में जा टकराई।
इससे कार के परखच्चे उड़ गए और युवक गाड़ी से निकलकर दूर जा गिरा। इस दौरान रात में ही कोटवाधाम मेला देखकर लौट रहे लवलेश पंडित ने हादसे की जानकारी मेले में तैनात पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को सीएचसी सिरौलीगौसपुर भेजा। जहां से उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे का शिकार हुआ युवक लकड़ी की ठेकी का व्यापार करता था। कोतवाल दयाशंकर सिंह ने बताया कि रामलीला का मंचन देखकर लौट रहे युवक की कार पलटने से मौत हो गई है।
सफदरगंज थाना क्षेत्र में लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर ग्राम लक्ष्वर बजहा के निकट शनिवार सुबह गिट्टी लादकर जा रहे एक ट्रेलर की चपेट में आकर 35 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इस हादसे के बाद सड़क के दोनों ओर भारी भीड़ जुट गयी और मार्ग जाम हो गया। इसी दौरान सफदरगंज की ओर से आ रहे पिकअप वाहन के चालक ने यह हादसा देखने के लिए अचानक ब्रेक लगा दी। तभी पीछे से आ रही कार पिकअप में जा घुसी।
जिससे कार सवार प्रीति सिंह व पुत्री अग्रिमा निवासी सलारपुर थाना कैंट अयोध्या व चालक अजीत कुमार ग्राम बरौली थाना असोहा उन्नाव घायल हो गये। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे के बाद पिकअप चालक वाहन सहित भाग गया। इस दौरान कुछ देर तक हाईवे पर यातायात बाधित रहा। ट्रेलर द्वारा हादसे के शिकार व्यक्ति की पहचान नहीं हो सकी है।
उधर, कोठी थाना क्षेत्र के सिद्धौर-कैसरगंज मार्ग स्थित बलकपुरवा मोड़ के पास धर्मराज गुप्ता का पुत्र राज कुमार गुप्ता कोचिंग पढ़ने के लिए सेमरावा चौराहे जा रहा था। तभी ट्रक ने छात्र को टक्कर मार दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बाइक पर ट्रिपलिंग में हादसा, युवक की सांसें थमीं
बेलहरा। बाइक पर ट्रिपलिंग कर रहे युवक हादसे का शिकार हो गए। इनमें एक युवक की मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हुए है। जिनको सीएचसी में भर्ती कराया गया है। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के कस्बा बेलहरा निवासी सनी (25) साथी रियाजुद्दीन (27) व गोविंद (24) के साथ शनिवार को एक बाइक पर सवार होकर हेतमपुर गए थे।
देर शाम तीनों युवक बाइक से घर आ रहे थे। तभी छेदा मार्ग पर पीछे से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल तीनों युवकों को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सकों ने सनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं अन्य दोनों युवकों की गंभीर हालत को देखते हुए सीएचसी में भर्ती कराया गया है।