रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। रामसनेहीघाट में पांच दिन पहले मेंथा की टंकी फटने से घायल हुए पांच लोगों में दो की मौत हो गई है। इससे इनके परिवार में गम का माहौल व्याप्त हो गया है। मामले की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाया है।
रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के ग्राम खेवराजपुर मजरे असेना गांव में बीते 28 जून को मेंथा की पेराई के दौरान टंकी फटने से पांच लोग झुलस गए थे। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया था। बताते हैं कि गांव के बाबूलाल की टंकी पर रामकुमार अपनी मेंथा की पेराई करा रहा था।
इसी दौरान तेज आवाज के साथ मेंथा की टंकी फट गई। इसकी चपेट में शिवदेवी पत्नी रामकुमार, बेटा दिलीप, बाबूलाल का पोता शिवम व पास में बैठे आशीष व चंदन झुलस गए थे। इनमें चंदन व शिवम की इलाज के दौरान लखनऊ के सिविल अस्पताल में मौत हो गई है। जबकि अन्य घायलों का उपचार चल रहा है। (संवाद)