बाराबंकी। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर ट्रक चालकों से लूटपाट करने वाले गिरोह के दो शातिरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इनके पास से लूट के 1600 रुपये, दो तमंचे व चार कारतूस बरामद किए। पुलिस का दावा है कि ये दोनों डकैती की साजिश रच रहे थे। इनके दो साथियों की तलाश पुलिस कर रही है।
सर्विलांस व थाना रामसेनहीघाट की संयुक्त पुलिस टीम ने रामसनेहीघाट क्षेत्र के ही भुडेहरी गांव निवासी ललित व दरियाबाद के इमलिहा गांव निवासी लालचंद्र रावत को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार 12 नवंबर को भिटरिया ओवरब्रिज के पास कानपुर देहात जिले के ट्रक चालक अशोक कुमार से मोबाइल व नकदी लूटी थी तो दो दिसंबर को रामसनेहीघाट में ही पावर हाउस के पास अयोध्या जिले के पटरंगा थाना क्षेत्र के गुलरिहा निवासी ट्रक चालक सहीम से लूटपाट की थी।
बताया कि ललित, लालचंद्र, बबलू व अरविंद का एक गिरोह है जो रात में हाईवे व सड़कों के किनारे खड़े ट्रक चालकों को निशाना बनाते हैं। कोइलावर माझा थाना दरियाबाद निवासी बबलू व भुडेहरी के ही अरंविद की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम का गठन किया गया है। रामसनेहीघाट के कोतवाल ओमप्रकाश तिवारी ने बताया कि इनमें ललित पर नौ, लालचंद्र पर चार, बबलू पर पांच व अरविंद पर सात मुकदमे पहले से ही दर्ज हैं।