शादी समारोह से लौट रहे बाइक सवार दो चचेरे भाइयों की गुरुवार देर रात रात फतेहपुर-भगौली मार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर के बाद मौत हो गई। छोटे भाई की 23 अप्रैल को शादी होने वाली थी। जानकारी के मुताबिक हादसे के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों भाइयों को स्थानीय लोग सीएचसी फतेहपुर ले गए।
वहां पर डॉक्टरों ने बड़े को मृत घोषित कर दिया, जबकि छोटे भाई को गंभीर हालत में ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है। वहां इलाज के दौरान शुक्रवार को उसकी भी मौत हो गई। दोनों की मौत के बाद गांव में मातम का माहौल है।
फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरखापुरवा निवासी राजेंद्र रावत (22) पुत्र शिवशरण अपने चचेरे भाई मनोहर (23) पुत्र खेलावन गुरुवार को भगौली मार्ग पर झांसा गांव निवासी योगेंद्र की पुत्री की शादी समारोह में शामिल होने बाइक से गए थे। गुरुवार देर रात करीब एक बजे दोनों बाइक से घर लौट रहे थे कि फतेहपुर-भगौली मार्ग पर मदनपुर के पास सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी।
हादसे के बाद चालक वाहन समेेेेत मौके से भाग निकला। दुर्घटना के दौरान बाइक चालक राजेंद्र ने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हादसे में दोनों भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनेां को सीएचसी फतेहपुर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र कुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं मनोहर की हालत में सुधार न होते देख उसे लखनऊ ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया जहां उपचार के दौरान शुक्रवार को उसकी भी मौत हो गई।