बाराबंकी। थाना सफदरगंज पुलिस ने चीड़ की प्रतिबंधित लकड़ी की तस्करी करने वाले दो शातिरों को गिरफ्तार कर उनके पास से 35 लाख रुपये की लकड़ी, फर्जी बिल व ट्रक बरामद किया है। इस मामले में पुलिस ने ट्रक व ट्रांसपोर्ट के मालिक समेत चार पर केस दर्ज किया है।
पुलिस ने लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर पीलीभीत जिले के भानमण्डी पोस्ट निजाम डांडी थाना जहांनाबाद निवासी यासीन व साजिद को रोका। ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से प्रतिबंधित चीड़ की लकड़ी के 75 बोटे, 10 टन बांस के टुकड़े बरामद किए। इनके पास मौजूद टैक्स इनवाइस व बिल भी जांच में फर्जी पाए गए। दोनों से पूछताछ में पता चला कि प्रतिबंधित लकड़ी को मेघालय से गुड़गांव (हरियाणा) ले जाया जा रहा था। इनके द्वारा बांस की लकड़ी के नीचे छिपाकर प्रतिबंधित लकड़़ी की तस्करी की जा रही थी।
टैक्स इनवाइस बिल में बांस की लकड़ी प्राप्त करने वाले का पता कोलकाता अंकित है किन्तु लकड़ी गुड़गांव पहुंचाई जा रही थी। पूछताछ में बताया कि बाला जी ट्रांसपोर्ट के मालिक के कहने पर ट्रक में मुकेश गोस्वामी नामक व्यक्ति ने अपने गोदाम से प्रतिबंधित लकड़ी, बांस के बीच में छिपाकर लदवाई थी। सीओ सदर सुमित त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस ने इन पर भी केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।