बाराबंकी। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की टीम ने मंगलवार को सफदरगंज थाना क्षेत्र के रामपुर कटरा गांव से पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के दो सदस्यों को गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी भोर में घरों में छापा मारकर की गई। इस मामले में स्थानीय पुलिस अधिकारी कुछ भी कहने से बच रहे हैं।
एसटीएफ ने मंगलवार भोर करीब 4 बजे रामपुर कटरा गांव के जमीर अहमद और मौलाना उजेर के घरों पर एक साथ छापा मारा। दरवाजा खोलने वाले परिवारीजन से दोनों के बारे में पूछकर तत्काल उन्हें गिरफ्तार कर लिया। परिवारीजनों ने जब इस के बारे में जानना चाहा तो बताया गया कि दोनों को पूछताछ के लिए ले जा रहे हैं।
अभी बीते सप्ताह बृहस्पतिवार को एसटीएफ ने कुर्सी थाना क्षेत्र के गौराहार गांव से नदीम और बहराइच के कमरुद्दीन को गिरफ्तार किया था। जिले में साल 2010 में भड़काऊ पोस्टर चिपकाने के बाद पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया चर्चा में आया था। मंगलवार को जिस रामपुर कटरा गांव में एसटीएफ ने दबिश दी।
यहीं पर वर्ष 2010 में पोस्टर चिपकाए गए थे। तब 10 लोगों के खिलाफ केस हुआ था। जिले के नदीम व रउफ की गिरफ्तारी वर्ष 2019 में सीएए हिंसा के दौरान लखनऊ में भी हुई थी। बृहस्पतिवार को रामपुर कटरा से हुई गिरफ्तारी के संबंध में सफदरगंज के थानाध्यक्ष अभिषेक तिवारी ने बताया कि एसटीएफ दोनों को गिरफ्तार कर लखनऊ ले गई है।
बढ़ रहे केस, बैन लगाने की तैयारी!
पिछले कुछ दिनों से सरकार जिस प्रकार से पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया के खिलाफ सख्ती दिखा रही है। केस पर केस दर्ज हो रहे हैं। उससे यह साफ लगता है कि अब कोई ढील नहीं होने वाली। एक अधिकारी बताते हैं कि पूरे देश में पीएफआई को लेकर सरकार का रुख साफ होने के बाद एसटीएफ, एटीएस और स्थानीय पुलिस भी कोई लापरवाही नहीं बरत रही है।
गंभीर धाराओं में केस दर्ज होने के कारण सब पर गैंगस्टर लगाया जा सकता है और धारा 14 (1) के तहत संपत्ति कुर्क की जा सकती है। देश विरोधी गतिविधियों के आरोप में अन्य विशेष कानून का प्रयोग भी किया जाएगा। बताया गया है कि कई और गांव में भी जल्द ही दबिश पड़ेगी। एसटीएफ एक-एक बिंदु पर पड़ताल कर रही है।
पीएफआई के राजनीतिक विंग के तहत अब तक जिले में क्या हुआ, इसकी भी जांच की जा रही है। एसटीएफ द्वारा की जा रही कार्रवाई इतनी गुपचुप है कि इसे मीडिया से भी शेयर नहीं किया जा रहा है। फंडिंग को लेकर एक-एक बिंदु पर पड़ताल हो रही है। एसपी अनुराग वत्स कहते हैं कि पुलिस पहले से ही गैर कानूनी और संदिग्ध गतिविधियों के लिए सतर्क हैं।