बाराबंकी। जिले में सक्रिय मार्फीन तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने दो तस्करों को पकड़ा है। इनके पास से सवा दो किलो मार्फीन बरामद हुई है। जिसकी कीमत करीब सवा दो करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने इनके पास से एक होंडा कार, दो लाख दस हजार की नकदी व मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर उनको कोर्ट में पेश किया जहां से वह जेल भेजे गए हैं।
एएसपी उत्तरी डॉ. अवधेश सिंह ने मंगलवार को पुलिस लाइन सभागार में बताया कि पकड़े गए आरोपियों में मोहम्मद इमरान व वाहिद निवासी ग्राम बड़नपुर थाना रामनगर शामिल हैं। पुलिस ने इनको सोमवार की रात चौकाघाट रेलवे क्रॉसिंग के पास बहराइच मार्ग से गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया कि हम लोगों द्वारा कार के माध्यम से मार्फीन की सप्लाई गोण्डा, बहराइच व बलरामपुर आदि जिलों में जाकर की जाती है।
इनको यह मार्फीन की आपूर्ति मसौली थाना क्षेत्र के बांसा गांव निवासी ताज मोहम्मद द्वारा की जाती है। एएसपी ने बताया कि पुलिस अब बांसा गांव के ताज मोहम्मद की तलाश कर रही है। सीओ रामनगर दिनेश कुमार दुबे ने बताया कि यह तस्कर बहराइच जिले से मार्फीन की तस्करी करके आ रहे थे तभी रामनगर इंस्पेक्टर रामचंद्र सरोज की टीम ने इनको धर दबोचा। आरोपियों के पास से बरामद पैसा भी मार्फीन बिक्री का ही है। रामनगर, सर्विलांस सेल व एनसीबी पुलिस टीम की इस सफलता पर एसपी ने 20 हजार रुपये का इनाम दिया है।
50 ग्राम मार्फीन समेत एक आरोपी गिरफ्तार
रामनगर इंस्पेक्टर रामचंद्र सरोज ने बताया कि पुलिस ने चेकिंग के दौरान आरोपी मोनू मिश्रा निवासी ग्राम धनौरा को सिलौटा पुलिया से गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से 50 ग्राम मार्फीन बरामद की गई है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेजने की कार्रवाई की है।