बाराबंकी। जिलों में चोरी की घटनाओं में आरोपी अंतरजनपदीय दो शातिरों को कोठी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इनके पास से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और छह मोबाइल फोन के अलावा एक तमंचा व एक चाकू बरामद हुआ है। यह जानकारी एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार पांडेय ने शनिवार को पुलिस लाइन में आयोजित एक प्रेसवार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि पकड़े गए दोनों अभियुक्त गैंग चलाते हैं। दोनों अयोध्या जिले के खंडासा और मवई थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं। इनमें एक पर बारह और दूसरे पर सात मुकदमे दर्ज हैं। एएसपी ने बताया कि कोठी थानाध्यक्ष रीतेश कुुमार पांडेय ने पुलिस बल के साथ चेकिंग के दौरान अरुण कुमार निवासी झबरा मजरे अमानीगंज थाना खंडासा जिला अयोध्या व हरिकेश फुर्सत का पुरवा थाना मवई को कोठी थाना के मीरापुर गांव के बाहर दुर्गा मंदिर के पीछे से दबोच लिया।
इनके पास से तीन चोरी की बाइक, छह मोबाइल फोन, तमंचा, चाकू के अलावा चाभी का गुच्छा, टॉर्च, छेनी की हथोड़ी बरामद की गई। एएसपी ने बताया कि इनके पास से बरामद एक बाइक बछरावां रायबरेली से चोरी हुई थी। दोनों के खिलाफ बाराबंकी के अलावा रायबरेली, सुल्तानपुर, अयोध्या कई जिलों में दर्जनों मुकदमे दर्ज हैं।