बाराबंकी के मसौली थाना क्षेत्र में हुई दुर्घटना में क्षतिग्रस्त वाहन। स्रोत- पुलिस
मसौली (बाराबंकी)। थाना क्षेत्र मसौली में बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर शनिवार देर रात एलपीजी सिलिंडर लादकर ले जा रहे ट्रक व ट्रेलर की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। उसी समय पीछे से आ रही कार ट्रेलर में जा घुसी। हादसे में चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। सूचना पर अग्निशमन दस्ता भी पहुंच गया। गनीमत रहा कि बड़ा हादसा टल गया।
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर थाना क्षेत्र मसौली के भूलभुलैया गांव के पास शनिवार देर रात बहराइच की ओर जा रहे इंडियन गैस के ट्रक से तेज रफ्तार ट्रेलर की भिड़ंत हो गई। उसी दौरान ट्रेलर के पीछे एक कार भी आ टकराई। हादसे में ट्रेलर व ट्रक दोनों क्षतिग्रस्त हो गए।
हादसे में घायल हुए चार लोगों को जिला अस्पताल भेज दिया गया। चूंकि ट्रक में गैस सिलिंडर लदे थे, इसलिए अनहोनी की आशंका में आनन-फानन फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां भी पहुंच गईं। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क के किनारे कराया और सिलिंडर वाला वाहन कब्जे में ले लिया।
इस दौरान करीब दो घंटे तक यातायात ठप रहा। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद यातायात बहाल कराया। उधर, जिला अस्पताल पहुंचे घायलों का इलाज किया गया मगर सबके परिजन आकर उन्हें लेकर चले गए। मसौली के एसएचओ अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि बड़ा हादसा टल गया। घायलों के बारे में जानकारी की जा रही है।