निंदूरा (बाराबंकी)। कुर्सी थाना क्षेत्र में सोमवार की शाम तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। इसके बाद स्कूटी से गिरी मां-बेटी को ट्रक ने रौंद दिया, जबकि स्कूटी चला रहा अधेड़ दूसरी तरफ गिरने से ट्रक की चपेट में आने से बच गया। उन्हें मामूली चोट आई है। हादसे में तीन वर्षीय बच्ची व उसकी मां की मौके पर ही मौत हो गई।
लखनऊ के सरोजनीनगर निवासी सिराज अहमद (55) सोमवार की शाम पुत्री उजमा (23) व तीन वर्षीय नातिन आयत के साथ स्कूटी से कुर्सी थाना क्षेत्र के अमरसंडा गांव स्थित पुत्री की ससुराल जा रहे थे। इसी दौरान लखनऊ-महमूदाबाद रोड पर कुर्सी थाना क्षेत्र के अनवारी गांव के पास पीछे से आए तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटी में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से स्कूटी चला रहे सिराज बाईं ओर दूर जा गिरे, जबकि उजमा व उसकी बेटी आयत के ऊपर से ट्रक गुजरते हुए निकल गया। इससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर भाग गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए। एसएचओ कुर्सी जगदीश प्रसाद शुक्ल ने बताया कि ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है। सिराज को ज्यादा चोटें नहीं आई हैं। केस दर्ज कर लिया गया है।