निंदूरा (बाराबंकी)। कुर्सी-लखनऊ मार्ग पर बीच सड़क पर ट्रक खराब होने से जाम लग गया। बृहस्पतिवार देर रात लगा जाम दूसरे दिन दोपहर तक लगा रहा। दोपहर बाद पहुंची पुलिस ने ट्रक को किनारे कराकर आवागमन चालू कराया। इस दौरान करीब 10 किलोमीटर तक लंबा जाम लगा रहा। इस जाम में छोटे-बड़े वाहन से लेकर छात्र-छात्राएं व अध्यापकों के वाहन घंटों फंसे रहे। लेकिन इसके बावजूद जिम्मेदार पुलिस मौके पर नहीं पहुंची।
स्थानीय नेताओं के फोन के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हाइड्रा मंगाकर ट्रक को किनारे कराया। इसके बाद आवागमन चालू हो सका। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि ट्रक खराब होने के चलते जाम लग गया था। दोपहर में हाइड्रा मंगाकर ट्रक को किनारे कराकर आवागमन चालू करा दिया गया है।