बाराबंकी। फोन पर पत्नी को तलाक देने का एक और मामला सामने आया है। एक व्यक्ति ने अपनी गर्भवती पत्नी को फोन करके तलाक दे दिया। पत्नी की तहरीर पर पुलिस ने पति के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सतरिख थाना क्षेत्र के तमरसेपुर निवासी अली अहमद की पुत्री गुलशन का निकाह एक दिसंबर 2018 को मोहम्मदपुर खाला क्षेत्र के टांडा गांव निवासी अशरफ अली के पुत्र अफताब आलम के साथ हुआ था। आरोप है कि पति दहेज लाने के लिए प्रताड़ित करता था। गर्भवती गुलशन पति से परेशान होकर कुछ दिन पहले मायके चली गई थी। अफताब आलम ने 10 जुलाई को फोन कर उसे तलाक दे दिया। गुलशन ने पिता को जानकारी देने के साथ थाने में शिकायत की। मोहम्मदपुर खाला पुलिस ने अफताब आलम के खिलाफ फोन पर तलाक देने का मुकदमा दर्ज किया है। थानाध्यक्ष मनोज शर्मा ने बताया कि पत्नी की तहरीर पर पति के खिलाफ तीन तलाक व सास, ससुर, देवर, ननद पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने का केस दर्ज कर जांच की जा रही है।