बाराबंकी। शासन के स्पष्ट निर्देश के बाद भी कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं मिल रहा है। रक्षाबंधन और बकरीद नजदीक होने के बाद भी पशुपालन विभाग सहित कई अन्य विभागों के वेतन देयक कोषागार में अब तक पास नहीं किए गए हैं। इससे त्योहार में वेतन न मिलने से खुशियों पर ग्रहण लगता नजर आ रहा है। ये बातें उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद की विकास भवन सभागार में आयोजित बैठक में कर्मचारी नेताओं ने कहीं।
बैठक में कर्मचारियों ने कहा कि कर्मचारी वेतन पर ही आश्रित हैं। ऐसे में कोषागार द्वारा समय से वेतन बिल पास नहीं करने से कर्मचारियों पर संकट मंडरा रहा है। सभी कर्मचारियों ने एक मत से कहा कि जिलाधिकारी कर्मचारियों की समस्या पर ध्यान आकर्षित कर प्रत्येक माह की एक तारीख को वेतन दिलाने के संबंध में दिशा-निर्देश जारी करें।
इस दौरान कहा गया कि पशुपालन विभाग का वेतन बिल दो अगस्त को कोषागार में प्रस्तुत किया गया था मगर अभी तक वेतन बिल पास नहीं किया गया है। इस मौके पर विकास भवन कर्मचारी परिषद के जिलाध्यक्ष मुस्तफा खान, राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के महामंत्री यशवंत राव भास्कर समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस संबंध में वरिष्ठ कोषागार अधिकारी मनोज तिवारी ने बताया कि डीएम के निर्देश पर ही कुछ कर्मचारियों का वेतन रोका गया है। डीएम के आदेश के बाद ही वेतन आहरित किया जाएगा।