बारिश के चलते सोमवार की सुबह शेषपुर गांव के पास एक पेड़ ढह गया। उधर से गुजर रहे स्कूटी सवार युवक की पेड़ के नीचे दब कर मौके पर ही मौत हो गई। स्कूटी में साथ जा रही पत्नी व बेटा बाल-बाल बच गए। स्थानीय लोगों की मदद से पुलिस ने पेड़ हटवाया।
इस दौरान चार घंटे तक मार्ग जाम रहा। मृतक के परिवार में कोहराम मचा है। फतेहपुर कोतवाली क्षेत्र के मीन नगर निवासी जगदीश प्रसाद (40) पुत्र शिवनरायन की पत्नी रेशमा वर्मा इब्राहिमपुर स्थित विद्यालय में शिक्षामित्र हैं। सोमवार सुबह हो रही बारिश के दौरान जगदीश पत्नी व अपने 3 साल के बेटे को स्कूटी से विद्यालय पहुंचाने जा रहा था।
फतेहपुर-कतुरीकला मार्ग पर शेषपुर गांव के पास बलदेव कुमार के खेत में लगा बबूल का पेड़ बारिश के चलते गिर पड़ा। उधर से गुजर रहा जगदीश प्रसाद पेड़ के नीचे दब गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। साथ जा रहीं पत्नी रेशमा व बेटा बाल-बाल बच गए। रेशमा का शोर सुनकर ग्रामीण जमा हो गए। लोगों ने पुलिस व तहसील प्रशासन को इसकी सूचना दी।
आननफानन तहसीलदार अनुराग सिंह व पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से पेड़ को हटवाया। जगदीश के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इस दौरान करीब चार घंटे तक फतेहपुर-कतुरीकला मार्ग पर जाम लगा रहा। हादसे में जगदीश की मौत के बाद उसके घर में कोहराम मचा हुआ है।