सैदनपुर (बाराबंकी)। बदोसराय कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात टेंपो व बाइक में भिड़ंत हो गई। बिना हेलमेट बाइक चला रहे युवक की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। युवक के सिर में चोट आई है। मैलारायगंज गांव निवासी नीरज वर्मा (23) पंजरौली गांव से बाइक से घर जा रहा था। रात करीब नौ बजे बदोसराय-सफदरगंज मार्ग पर मैलारायगंज से पंजरौली जा रहे टेंपो से बाइक की भिड़ंत हो गई। हादसे में नीरज व टेंपो में सवार मसौली थाना क्षेत्र के बड़ागांव निवासी मुशीर, चंदू व मैलारायगंज के संतराम गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को संयुक्त चिकित्सालय, सिरौलीगौसपुर पहुंचाया गया। नीरज को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया जहां रात करीब डेढ़ बजे उसकी मौत हो गई। नीरज के पिता संतराम किसान हैं। सात महीने पहले ही नीरज का विवाह दरियाबाद इलाके के एक गांव से हुआ था।