सतरिख (बाराबंकी)। वन विभाग के अधिकारियों की मनमानी का खामियाजा नहर विभाग को भुगतना पड़ सकता है। इसका एक ताजा मामला सतरिख थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव का सामने आया है। जहां पर बिना जांच किए नवाबगंज रजबहा की पटरी पर लगे छह प्रतिबंधित आम के पेड़ों को काटने का परमिट किसान को जारी कर दिया गया। जिससे वन माफिया पेड़ को काटकर उठा ले गए। इसकी सूचना पर नहर विभाग की टीम ने बुधवार को जांच शुरू की है।
सतरिख थाना क्षेत्र के भगवानपुर स्थित नवाबगंज रजबहा की पटरी है। जहां लगे वर्षों पुराने प्रतिबंधित छह आम के पेड़ों का परमिट वन विभाग ने बिना नहर विभाग के अधिकारियों को सूचना दिए एक किसान को जारी कर दिया। इसकी आड़ में वनमाफिया ने पेड़ों की कटान शुरू कर दी।
इसकी शिकायत ग्रामीणों ने अधिकारियों से की। रेंजर हरख संजय श्रीवास्तव ने बताया कि भगवानपुर में छह पेड़ों का परमिट जारी किया गया है लेकिन रजबहा पटरी की जानकारी से इंकार किया है। मौके पर पहुंचे सिंचाई विभाग के जेई नीरज वर्मा ने बताया कि मामले में जांच की जा रही है। (संवाद)