पेज एक इनसेट लीड
पीड़ित महिला ने डॉक्टर पर लगाया गलत इलाज करने का आरोप
बाराबंकी। शहर स्थित एक निजी क्लीनिक के चिकित्सक पर गले के इलाज की बजाय कान का इलाज करने का आरोप है। पीड़िता का आरोप है कि डॉक्टर ने गले की तकलीफ दूर करने की दवा देने की जगह इलाज में लापरवाही बरतते हुए उसके कान की सफाई कर पर्दा फाड़ दिया।
अनौरा कला निवासी 38 वर्षीय छाया तीन मई को गले में दर्द होने की शिकायत के बाद शहर के कंपनी बाग स्थित एक डॉक्टर की क्लीनिक में इलाज कराने पहुंची थी। महिला का आरोप है कि डॉक्टर ने गले के जगह उसके कान की सफाई शुरू कर दी। इसी दौरान उसके कान का पर्दा फट गया। उस समय तो महिला को इसकी गंभीरता का अंदाजा नहीं हुआ और वह दवा लेकर अपने घर लौट आई।
घर पहुंचने के कुछ समय बाद उसके कान में तेज दर्द शुरू हो गया। दर्द असहनीय होने पर वह घबराकर लखनऊ के तिवारीगंज स्थित एक अन्य डॉक्टर के पास पहुंचीं। वहां जांच के बाद डॉक्टर ने बताया कि उसके कान का पर्दा फट चुका है और इसे ठीक करने के लिए ऑपरेशन ही एकमात्र विकल्प है। एसीएमओ चिकित्सा एवं पंजीयन डॉ. एलबी गुप्ता ने बताया कि पीड़िता की शिकायत पर मामले की जांच कर कार्रवाई तय की जाएगी। (संवाद)