बाराबंकी। डॉ. राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय से संबद्ध सतरिख के टीआरसी लॉ कॉलेज को राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (एनएएसी) ने बी प्लस प्रमाणन दिया है। इसी के साथ कॉलेज यह उपलब्धि पाने वाला अवध विश्वविद्यालय का पहला लॉ कॉलेज बन गया है।
कॉलेज के प्रबंधक डॉ. सुजीत चतुर्वेदी ने बताया कि राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद की टीम ने 14 और 15 सितंबर को कॉलेज का भ्रमण किया था। इस दौरान टीम ने कॉलेज में आधारभूत संरचना, पुस्तकालय, शिक्षणेत्तर गतिविधियों को संचालित करने के उपलब्ध संसाधन, कॉलेज में उपलब्ध स्मार्ट क्लास और उसकी उपयोगिता, कंप्यूटर लैब को देखा परखा था। साथ ही कॉलेज के विद्यार्थियों से बातचीत कर कॉलेज में उपलब्ध संसाधनों के प्रयोग के बारे में जानकारी ली थी। टीम ने भ्रमण में प्राप्त की रिपोर्ट के आधार पर कॉलेज को बी प्लस ग्रेड दिया है। इस उपलब्धि पर प्रबंधक ने कॉलेज के सभी प्रवक्ताओं, छात्र-छात्राओं को बधाई दी है।