पठानकोट में हुई आतंकी घटना के बाद प्रदेश में भी हाई अलर्ट है। सभी रेलवे स्टेशनों पर विशेष सतर्कता के निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते रविवार को जीआरपी व आरपीएफ ने रेलवे स्टेशन पर चेकिंग अभियान चलाया। कई ट्रेनें खंगाली गईं तो स्टेशन परिसर के चप्पे-चप्पे की तलाशी ली गई। बंद बैग व सूटकेस की भी मेटल डिटेक्टर से तलाशी हुई तो यात्रियों से तरह-तरह के सवाल पूछे गए। पुलिस की सख्ती देख स्टेशन पर आने वाले स्थानीय लोग स्टेशन से भाग निकले।
पठानकोट (पंजाब) में आतंकी हमले के बाद से प्रदेश में हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है। सार्वजनिक स्थानों विशेषकर ट्रेनों व रेलवे स्टेशन पर खास सर्तकता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। जिसके चलते रविवार की सुबह राजकीय रेलवे पुलिस व रेलवे पुलिस बल ने संयुक्त रूप से सघन चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान जीआरपी व आरपीएफ ने मेमू पैसेंजर, लखनऊ-फैजाबाद पैसेंजर, बरौनी-ग्वालियर एक्सप्रेस, किसान एक्सप्रेस सहित आधा दर्जन ट्रेनों मेें तलाशी कराई गई। यात्रियों के सामानों, सीट के नीचे आदि जगहों पर मेटल डिटेक्टर लगाकर जांच की गई। कई लोगों से आने-जाने की बाबत भी पूछताछ की गई। उनके टिकट भी देखे गए। इसके अलावा रेलवे स्टेशन के चारों प्लेटफार्मों, सर्कुलेटिंग एरिया में सघन चेकिंग अभियान चला। स्टेशन पर रखे गमलों, डस्टबिन आदि तक की जांच की गई। यात्रियों के बैग भी खुलवा कर चेक किए गए। उनके टिकटों की जांच की गई। आने-जाने के कारण तक पूछे गए।
चेकिंग अभियान में सख्ती देख स्टेशन परिसर में रहे अनावश्यक लोग भाग निकले। चेकिंग अभियान में थानाध्यक्ष आशमा माजिद, आरपीएफ के एसआई आरसी मीन सहित कई दारोगा व सिपाही शामिल रहे। थानाध्यक्ष आशमा माजिद ने बताया कि पठानकोट (पंजाब) में आतंकी हमले के बाद सिपाहियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।