दरियाबाद (बाराबंकी)। रेलवे के दोहरीकरण लाइन का कार्य पूर्ण हुए तीन सप्ताह से अधिक बीत गए हैं, लेकिन दरियाबाद स्टेशन पर निर्माण और बिजली का कार्य अधूरा पड़ा है। इससे लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेनों का ठहराव दरियाबाद स्टेशन पर अभी और दो दिनों तक नहीं होगा।
अयोध्या लखनऊ रेलखंड पर स्थित तीन रेलवे स्टेशनों सफदरगंज-सैदखानपुर और दरियाबाद के मध्य रेलवे लाइन के दोहरीकरण कार्य का निरीक्षण तीन सप्ताह पहले 24 जनवरी को रेलवे के अफसरों द्वारा किया गया था। इसके बाद ठप ट्रेनों के संचालन को तो हरी झंडी मिल गई थी। लेकिन सैदखानपुर और दरियाबाद में प्लेटफाॅर्म और विद्युतीकरण का कार्य अधूरा होने के कारण यहां रुकने वाली सभी ट्रेनों के स्टॉपेज में बदलाव कर दिया गया था। पिछले 26 दिनों से लखनऊ की तरफ जाने वाली नौ ट्रेनों का ठहराव पटरंगा स्टेशन पर हो रहा है।
दरियाबाद में प्लेटफाॅर्म नंबर दो पर अधूरे पड़े कार्यों को पूर्ण किया जा रहा है। जिसके कारण यहां 26 दिनों से लखनऊ की ओर जाने वाली ट्रेन उत्सर्ग एक्सप्रेस, अयोध्या कैंट लखनऊ मेमू, जम्मूतवी एक्सप्रेस, गंगा सतलज एक्सप्रेस, दून एक्सप्रेस, फरक्का एक्सप्रेस, अयोध्या एक्सप्रेस, अहमदाबाद साबरमती एक्सप्रेस, वाराणसी अहमदाबाद एक्सप्रेस का ठहराव बदलकर पटरंगा कर दिया गया था।
प्लेटफाॅर्म का काम अभी पूरा नहीं हो पाया है। इसलिए आगे 20 फरवरी तक ट्रेनों का ठहराव पटरंगा में बढ़ाया गया है। स्टेशन अधीक्षक दरियाबाद वेद प्रकाश मिश्र ने बताया कि लखनऊ जाने वाली जितनी ट्रेनों का ठहराव दरियाबाद में था, उनको पिछले तीन सप्ताह से अधिक समय से पटरंगा स्टेशन पर रोका जा रहा था। दरियाबाद स्टेशन पर प्लेटफाॅर्म और विद्युतीकरण का काम अभी पूर्ण नहीं हुआ है। इसलिए अगले दो दिनों तक सभी ट्रेनें पटरंगा स्टेशन पर ही रुकेंगी।