रामनगर (बाराबंकी)। बरौनी से ग्वालियर जा रही ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस ट्रेन का इंजन बुधवार सुबह फेल हो गया। तकनीकी स्टॉफ की कोशिश के बावजूद इंजन नहीं चला तो ट्रेन को दूसरा इंजन मंगवाकर गंतव्य के लिए रवाना करना पड़ा। इससे ट्रेन करीब चार घंटे तक बुढ़वल-चौकाघाट रेलवे स्टेशन के बीच खड़ी रही। इस दौरान उमस भरी गर्मी के कारण यात्री बेहाल व परेशान रहे।
ग्वालियर-बरौनी एक्सप्रेस सुबह करीब साढ़े आठ बजे करीब बरौनी से ग्वालियर जा रही थी। इस बीच बुढ़वल- चौकाघाट के बीच ट्रेन का इंजन अचानक बंद हो गया। कंट्रोल रूम से मिली सूचना के बाद मौके पर पहुंची इंजीनियरों की टीम काफी प्रयास बाद भी इंजन की गड़बड़ी दूर नहीं कर पाई। इसके बाद बुढ़वल रेलवे स्टेशन पर दूसरा इंजन बुलवाकर ट्रेन को दोपहर सवा एक बजे करीब आगे गंतव्य के लिए रवाना किया गया। इस दौरान इस रूट पर करीब चार घंटे तक ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहा। आरपीएफ इंस्पेक्टर अजमेर यादव ने बताया कि इंजन में खराबी आने के कारण ट्रेन को चार घंटे बाद रवाना किया जा सका।