हैदरगढ़ (बाराबंकी)। सुबेहा थाना क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शनिवार को हुए सड़क हादसे में ट्रेलर के हेल्पर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक गंभीर घायल हो गया। हादसा उस वक्त हुआ जब पंचर ट्रक की मरम्मत की जा रही थी। इसी दौरान पीछे से आ रहा ट्रेलर ट्रक से टकरा गया था।
पुलिस के अनुसार शनिवार सुबह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किमी 55.800 पर मौरंग लेकर अयोध्या जा रहा ट्रक पंचर हो जाने के कारण सड़क पर खड़ा था। अयोध्या के थाना तारुन क्षेत्र के नीतूवारी चतुरपुर निवासी भीमसेन ट्रक का टायर बदल रहा था। इसी दौरान पीछे से एक ट्रेलर अनियंत्रित होकर खड़े ट्रक में जा भिड़ा। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रेलर की केबिन चकनाचूर हो गई और उसमें सवार चालक अयोध्या के पलिया लुहानी पूरे सिकिया, थाना इनायतनगर निवासी दिनेश कुमार (45) व हेल्पर राकेश कुमार यादव (42) केबिन में फंस गए।
मौके पर पहुंची यूपीडा की सुरक्षा टीम व थाना सुबेहा की पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कंटेनर की केबिन काटकर दोनों को बाहर निकाला। इस दौरान हेल्पर राकेश की मौके पर ही मौत हो गई जबकि चालक दिनेश को गंभीर हालत में शुकुलबाजार सीएचसी में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों के खड़ा होने से काफी देर तक जाम लगने से लोगों को आवागमन में परेशानी भी उठाना पड़ी। मौके पर बुलाई गई हाइड्रा मशीन की मदद से दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर एक्सप्रेसवे की पीली पट्टी के अंदर खड़ा करने के बाद ही आवागमन पूरी तरह बहाल हुआ।