हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 34.4 पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में आजमगढ़ निवासी युवक की मौत हो गई, जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
हादसा बृहस्पतिवार की सुबह करीब पांच बजे उस वक्त हुआ जब बाइक चला रहे युवक को नींद की झपकी आ गई, जिससे बाइक अनियंत्रित होकर सड़क के बाईं ओर बैरिकेडिंग से टकरा गई।
ये भी पढ़े- UP: सीएम योगी ने विकसित कृषि संकल्प अभियान का किया शुभारंभ, बोले- मोदी सरकार में किसान सरकार के एजेंडे में आए
जानकारी के अनुसार, आजमगढ़ जिले के थाना महराजगंज क्षेत्र के नवाबरार देवारा गांव निवासी राकेश चौहान (24) पुत्र सुरेश अपने चचेरे भाई पिंटू चौहान (25) के साथ निमंत्रण से वापस लौटते समय बाइक से लखनऊ जा रहे थे। दोनों मलेशियामऊ, लखनऊ में रहकर कार्यरत हैं। देर रात लगभग तीन बजे घर से निकले थे और रास्ते में यह हादसा हो गया।
ये भी पढ़े- Ayodhya: प्राण प्रतिष्ठा के लिए राम दरबार की मृर्तियां तैयार... मूर्तिकार सत्यनारायण बोले - खास पत्थरों से किया गया है निर्माण
हादसे में दोनों युवकों को गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची यूपीडा की एम्बुलेंस से दोनों को हैदरगढ़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राकेश चौहान को मृत घोषित कर दिया। उसकी मौत सिर में गंभीर चोट लगने के कारण हुई। पिंटू का उपचार चल रहा है।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटी है।