बाराबंकी। रामसनेहीघाट क्षेत्र में आयोध्या हाईवे स्थित मुरारपुर मोड़ के पास दुर्घटना में क्षति?
- फोटो : BARABANKI
रामसनेहीघाट (बाराबंकी)। नासिक से बिहार अंगूर लेकर जा रहा एक ट्रक शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के कारण लखनऊ-अयोध्या राजमार्ग पर धरौली के निकट पहले से खड़े डंपर से टकराकर क्षतिग्रस्त हो गया। इसके चलते राजमार्ग जाम हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्रेन मंगाकर जाम खुलवाया।
शिकोहाबाद निवासी दीपक अपने ट्रक पर बुधवार को नासिक से अंगूर लोड करके बिहार ले जा रहा था। शुक्रवार की सुबह घने कोहरे के बीच जब वह रामसनेहीघाट इलाके में धरौली गांव के निकट राजमार्ग पार कर रहा था तभी उसका ट्रक पहले से खड़े डंपर से भिड़कर क्षतिग्रस्त हो गया।
डंपर में ट्रक टकराते ही डंपर चालक अपना वाहन लेकर भाग गया। क्षतिग्रस्त ट्रक से लखनऊ से अयोध्या जाने वाली लेन पर लंबा जाम लग गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन को बुलाकर क्षतिग्रस्त ट्रक को सड़क से हटाने के बाद जाम खुलवाया। गनीमत यह रही इस घटना में किसी को कोई चोट नहीं आई। इससे एक घंटे तक एक लेन पर आवागमन बाधित रहा।
हादसे में साइकिल सवार की मौत
हैदरगढ। बरावां गांव के पास ट्रैक्टर में बांधा जनरेटर पलटने से एक युवक की मौत हो गई। हादसे की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। शुक्रवार शाम को बरावां गांव के बुद्धू (46) पुत्र बंशू शाम को साइकिल से घर लौट रहा था।
तभी पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे के पास जनरेटर बांधकर जा रहा ट्रैक्टर अनियंत्रित हो गया। जनरेटर पलटने से उसके नीचे दबे बुद्धू की मौत हो गई। मौके पर ट्रैक्टर की लाइट जलता छोड़कर चालक भाग गया। कुछ समय बाद ग्रामीणों को हादसे की जानकारी हुई। कोतवाल धर्मेंद्र रघुवंशी ने बताया कि हादसे की जांच की जा रही है।