त्रिलोकपुर। रामनगर क्षेत्र के त्रिलोकपुर कस्बे में बुधवार को जांच करने पहुंची खाद्य निरीक्षक अनुराधा मिश्रा को दुकानदारों और उसके समर्थकों ने घेर लिया। व्यापारी एक ही दुकान से हर बार जांच के लिए नमूने लेने पर नाराजगी जता रहे थे। स्थिति को संभालने के लिए पुलिस बुलानी पड़ी।
त्योहारों के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा विभाग की खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनुराधा मिश्रा त्योहारों के मद्देनजर मिठाइयों की गुणवत्ता जांचने पहुंची थी। उन्होंने प्रवेश यादव की मिष्ठान्न दुकान पर कार्रवाई करते हुए जांच के लिए नमूने लेने का काम शुरू किए। इसकी खबर फैलते ही काफी संख्या में आसपास के व्यापारी जमा हो गए। उन्होंने कार्रवाई के विरोध में खाद्य सुरक्षा अधिकारी का घेराव कर आरोप लगाया कि व्यापारी को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।
मिष्ठान दुकान के संचालक का आरोप था कि पूरे कस्बे में दर्जनों दुकानें हैं, पर हर बार उसी की दुकान से नमूने लिए जाते हैं। स्थिति बिगड़ने पर मसौली थाने से पुलिस को बुलाना पड़ा। पुलिस ने लोगों को समझा-बुझाकर किसी तरह मामले को शांत कराया। इसके बाद एफएसओ की टीम ने जांच कार्य पूरा कर छेना व खोवा मिठाइयों के नमूने जांच के लिए लेकर लैब भेजे। एफएसओ अनुराधा मिश्रा ने बताया कि यह मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने की नियमित जांच है। नमूने प्रयोगशाला भेजे जाएंगे और मिलावट पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत विधिक कार्रवाई तय होगी।