जिले में देवा व रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में हुए अलग-अलग हादसों में गुजरात के एक व्यापारी व एक बालक की मौत हो गई है। इन हादसों में सात लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। सभी घायलों को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां पर तीन की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया है।
पहला हादसा शुक्रवार की भोर रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के कोटवासड़क के पास हाईवे पर हुआ। यहां पर एक वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में एक एसयूवी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गई। इस हादसे में एसयूवी चला रहे अतीकुर्ररहमान(50) निवासी ग्राम फिरोजपुर थाना सादुल्लानगर जिला बलरामपुर की मौके पर ही मौत हो गई जबकि अतीकुर्ररहमान का पुत्र सलमान(20) व अजीमुद्दीन(35), सुल्तान(35), कासिम(28), अफजल(25), अकरम(20), निजाम खान(50) (सभी महाराजगंज जिले के निवासी) घायल हो गए।
सभी घायलों को सीएचसी ले जाया गया जहां से तीन लोगों अजीमुद्दीन, सुल्तान व निजाम खान को ट्रॉमा सेंटर भेजा गया है। कोतवाल रामसनेहीघाट जेएल सोनकर ने कहा कि ओवरटेक के प्रयास में हुए इस हादसे में मृत व्यक्ति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं दूसरा हादसा देवा कोतवाली क्षेत्र के पलटा गांव के पास हुआ। जहां पर बृहस्पतिवार की रात विजय सिंह(11) पुत्र छत्रप्रकाश सिंह निवासी पलटा, गांव के बाहर दुकान पर सामान लेने साइकिल से जा रहा था। तभी फतेहपुर मार्ग पर पीछे से आए एक वाहन ने साइकिल में टक्कर मार दी। इस हादसे में बालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है जबकि हादसा करने वाले वाहन का पता नहीं लग सका है।