बाराबंकी में ट्रैक्टर-ट्राली ने ऑटो में टक्कर मार दी। हादसे में पांच साल के मासूम की मौत हो गई। जबकि, युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यूपी के बाराबंकी में शनिवार देर शाम रामनगर कोतवाली क्षेत्र में बहराइच-बाराबंकी हाईवे पर सड़क हादसा हो गया। इसमें पांच वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत हो गई। जबकि, एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
विज्ञापन
दरअसल, उटखरा बुढ़वल निवासी संदीप कुमार अपने बेटे प्रतीक समेत कुल पांच लोग ऑटो से कपड़ा खरीदने बाजार के लिए निकले थे। रानीगंज के निकट सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो सड़क किनारे जाकर पलट गया। इसमें बैठे लोग उड़ते हुए बाहर गिर पड़े।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। राहगीरों ने देखा तो मदद के लिए दौड़ पड़े। ऑटो सवार मासूम प्रतीक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं गंभीर रूप से घायल युवक गुड्डू को स्थानीय लोगों की मदद से एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। यहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।
विज्ञापन
हादसे में प्रतीक के पिता संदीप कुमार बाल-बाल बच गए। लेकिन, पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है। चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।