यूपी के बाराबंकी में जिला जेल में हत्या के मामले में सजा काट रहे एक बंदी की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सूचना घरवालों को दी गई है।
विज्ञापन
मामला कोठी थाना क्षेत्र के मझियावां गांव का है। गांव निवासी मुस्तकीम को करीब 10 वर्ष पहले गांव में हुई एक हत्या के मामले में अदालत ने सजा सुनाई थी। जेल प्रशासन के अनुसार, मुस्तकीम पिछले कई महीनों से हृदय रोग से जूझ रहा था।
उसका उपचार केजीएमयू, लखनऊ से चल रहा था। उसका ऑपरेशन भी प्रस्तावित था। शनिवार सुबह अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस पर उसे जिला जेल में प्राथमिक उपचार दिया गया। यहां से केजीएमयू के लिए रेफर कर दिया गया।
विज्ञापन
केजीएमयू में कुछ सुधार के बाद उसे वापस जिला जेल लाया जा रहा था। रास्ते में हालत फिर बिगड़ गई। उसे फिर अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जेलर राजेंद्र सिंह का कहना है कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।