बाराबंकी। टेट अनिवार्यता के खिलाफ जिले के शिक्षकों ने सोमवार शाम मशाल जुलूस निकालकर अपने विरोध की आग जगाई। यह जुलूस जीआईसी ऑडिटोरियम से शुरू होकर सरदार पटेल तिराहा तक पहुंचा। जुलूस में जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए सैकड़ों शिक्षक-शिक्षिकाओं ने हाथों में मशाल थामकर अपनी मांगों के समर्थन में जोरदार नारे लगाए और एकजुटता का प्रदर्शन किया।
जुलूस की शुरुआत राष्ट्रीय अध्यक्ष सुशील कुमार पाण्डेय, प्रदेश सहसंयोजक अरुणेंद्र कुमार वर्मा और अन्य पदाधिकारियों की मौजूदगी में हुई। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ, जूनियर हाई शिक्षक संघ, अटेवा, टीएससीटी और विशिष्ट बीटीसी शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष और संयोजक भी जुलूस में शामिल रहे। जैसे-जैसे जुलूस ऑडिटोरियम से निकलकर मुख्य मार्ग से होता हुआ सरदार पटेल तिराहा की ओर बढ़ा, शिक्षक अपने नारेबाजी और मशालों की रोशनी से मार्ग को आलोकित कर रहे थे।
जुलूस निकला तो राहगीर सड़क किनारे खड़े हो गए। अंत में सभी शिक्षकों ने एकजुट होकर आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया और मशाल जुलूस पटेल तिराहा पर शांतिपूर्वक समाप्त हुआ। इस मौके पर डॉ. देवेंद्र द्विवेदी, उमानाथ मिश्रा, दिग्विजय पांडेय, देवेंद्र सिंह, कमलेश वर्मा, सुरेंद्र जायसवाल, दिलीप तिवारी, अपर्णा श्रीवास्तव, गुंजन वर्मा समेत सैकड़ों शिक्षक शिक्षिकाएं मौजूद रहे।