बाराबंकी। कोरोना संकट के बीच शुरू हो रही धान खरीद को लेकर प्रशासन को कड़े कदम उठाने होंगे। धान खरीद केंद्रों पर भीड़ नियंत्रित करने के लिए टोकन प्रणाली लागू की जानी चाहिए। उन्हीं किसानों को तौल के लिए बुलाना चाहिए जिन्हें पहले से टोकन जारी किए गए हो। बुधवार को छाया स्थित भाकियू कार्यालय पर हुई बैठक में इसे लेकर गहन विचार विमर्श किया गया। फैसला हुआ कि इस बारे में डीएम को ज्ञापन सौंप कर उनसे इस बाबत निर्देश जारी करवाने की मांग की जाएगी।
भाकियू जिलाध्यक्ष अनिल कुमार वर्मा ने कहा कि कोरोना का ग्राफ भले ही गिरा हो लेकिन संकट अभी कम नहीं हुआ है। इसलिए सरकारी धान खरीद पर जुटने वाली भीड़ को नियंत्रित करने के लिए इससे बेहतर प्रयास और कोई नहीं होगा। जबकि किसानों को टोकन जारी कर समय दे दिया जाएगा तो उस दिन अन्य किसान अपना धान लेकर नहीं आएंगे इससे पूर्व की भांति क्रय केंद्रों पर जुटने वाली भीड़ पर रोक लगाई जा सकेगी।
यदि क्रय केंद्रों पर किसानों की भीड़ जुटेगी तो उसे रोक पाना क्रय केंद्र प्रभारियों के बस में नहीं होगा। ऐसे में कोरोना का प्रसार बढ़ेगा इस बात से भी इंकार नहीं किया जा सकता है। इस संबंध में जल्द ही एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंप टोकन सिस्टम लागू करने का अनुरोध किया जाएगा। इस मौके पर उत्तम वर्मा, सतीश वर्मा, अनुपम वर्मा व शिवकुमार आदि मौजूद रहे।