गल्ला कारोबारी देशराज (फाइल फोटो)
बाराबंकी। गल्ला कारोबारी को महिला व उसके साथियों ने इतना ब्लैकमेल किया कि आजिज आकर उसने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों को कारोबारी के पास से दो पन्नों का सुसाइड नोट मिला है जिसमें फर्जी आधार कार्ड बनाकर ब्लैकमेल कर लाखों रुपये हड़पने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने शुरू कर दी है। असंद्रा के छूलापाही गांव निवासी देशराज (48) गल्ला कारोबारी होने के साथ ही ट्रक भी चलवाते थे। बाराबंकी शहर में भी उनके दो मकान हैं।
उनके साले विनोद कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर सूचना मिली कि बहनोई देशराज ने जहर खा लिया है। जैदपुर थाना क्षेत्र में तकिया चौराहे के पास वह बेहोश पड़े हैं।
परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे और उन्हें जैदपुर सीएचसी ले गए लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रेफर होने के बाद परिजन शहर के एक निजी अस्पताल ले गए जहां देर रात उनकी मौत हो गई।
जैदपुर पुलिस ने निजी अस्पताल से शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने बताया कि महिला व उसके साथी दुष्कर्म के मामले में जेल भिजवाने की धमकी दे रहे थे। जैदपुर के एसएचओ संतोष सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है। जांच जारी है।