सुल्तानपुर। जिले के तीन खिलाड़ियों का चयन अयोध्या मंडल की सीनियर पुरुष हॉकी टीम में हुआ है। ये खिलाड़ी अयोध्या मंडल का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता 28 सितंबर से तीन अक्तूबर तक वाराणसी में होगी। टीम 27 सितंबर को रवाना होगी।
चयनित खिलाड़ियों में प्रभाकर कुमार, गजेंद्र कुमार और सौरभ निषाद शामिल हैं। तीनों खिलाड़ी पंत स्पोर्ट्स स्टेडियम में नियमित अभ्यास करते हैं। प्रतियोगिता क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी अयोध्या के आदेश पर आयोजित हो रही है। खेल निदेशालय लखनऊ ने निर्देश जारी किए हैं। आयोजन क्षेत्रीय खेल कार्यालय वाराणसी में होगा। जिला क्रीड़ा अधिकारी राजेश कुमार सोनकर ने इस चयन को जिले के अन्य युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बताया। उन्होंने तीनों खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दीं। टीम मैनेजर बबलू कुमार को खिलाड़ियों को वाराणसी ले जाने और वापस लाने की जिम्मेदारी दी गई है।