बाराबंकी। बाराबंकी-बहराइच नेशनल हाईवे व हैदरगढ़-बाराबंकी राजमार्ग पर हुए तीन हादसों में दो महिलाओं सहित तीन की मौत हो गई और 10 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दो केजीएमयू रेफर कर दिया गया है।
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर ही मसौली के निकट ढाबा के सामने तेज रफ्तार कार की चपेट में आकर बाइक सवार कस्बा सतरिख निवासी शाद (21), अरकान (19), बहराइच के भकौरा निवासी अल्ताफ (25) घायल हो गए। शाद को जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया गया जबकि दोनों को केजीएमयू लखनऊ रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए जाम की स्थिति बन गई।
बाराबंकी-बहराइच हाईवे पर मसौली क्षेत्र में कल्याणी नदी के पास बाइक बहराइच की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार की चपेट में आ गई। हादसे में सफदरगंज के चंदवारा गांव निवासी जबीर की पत्नी किस्मत जहां (51) की जिला अस्पताल में मौत हो गई जबकि बाइक पर मौजूद उनके पुत्र मिस्बाह उल (21) व पुत्री रुयायदा बानो (18) जख्मी हैं। सीओ रामनगर गरिमा पंत ने बताया कि दोनों घटनाओं में कारें पुलिस ने कब्जे में ले ली है, जांच की जा रही है। कार चालकों का पता लगाया जा रहा है।
असंद्रा के जरगांवा गांव निवासी ऑटो चालक मुजम्मिल (30) बाराबंकी-हैदरगढ़ मार्ग पर ऑटो चलाते हैं। वह सवारी लेकर बाराबंकी से कोठी की ओर जा रहे थे। इस दौरान सामने धीमी गति से जा रहे ट्रक को ओवरटेक करने के बाद सामने से तेज रफ्तार ट्रैक्टर आ गया। दोनों की जोरदार टक्कर होने के बाद चीख-पुकार मच गई।
स्थानीय लोगों ने ऑटो में फंसे व सड़क पर तड़प रहे लोगों को सड़क के बगल ले गए। पुलिस ने ऑटो में सवार चालक मुजम्मिल, असंद्रा के शाहाबाद निवासी अब्दुल गफ्फार (45), उनकी पत्नी निशा (42), कोठी के नकटा सहरिया निवासी शादाब हुसैन (28), मो. खालिक, सराय पुरखू गांव निवासी सविता (24) और कोठी के सराय मोहद्दीनपुर गांव निवासी रतिभान सिंह की पुत्री सोनी सिंह (27) को कोठी सीएचसी भेजा गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सीओ समीर सिंह ने बताया कि यहां से सोनी को केजीएमयू के ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया। यहां देर रात के दौरान सोनी की मौत हो गई। सोनी का विवाह रामनगर के ढेड़ियामऊ गांव से हुआ था। उनकी पांच साल की बच्ची भी है। वह लखनऊ में एक कंपनी में नौकरी करती थी और मायके से आती-जाती थीं।