जिले में हैदरगढ़ व बेलहरा क्षेत्र में हुई सर्पदंश की घटनाओं में बालक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। कस्बे के पूरे मित्तई निवासी युवती की सांप के डसने से मौत हो गई। घर के कमरे में सांप के डसने के बाद इलाज के लिए सीएचसी ले जाया गया था जहां मौत होने पर परिवारीजन उसे घर लेकर चले गए।
हैदरगढ़ कस्बे के पूरे मित्तई वार्ड के उदय राज की 18 वर्षीय पुत्री रानी बृहस्पतिवार को दिन में घर के कमरे में कार्य कर रही थी। कमरे के कोने में मौजूद सांप के अचानक डस लेने से वह मूर्छित हो गई। जानकारी पर परिवारीजन उसे सीएचसी लेकर पहुंचे जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।
वहीं बुधवार की रात को कोतवाली क्षेत्र के लाही गांव में बाइस वर्षीय मोनिका सिंह पुत्री राम सिंह को सांप के डसने पर इलाज के लिए सीएचसी लाया गया था। गंभीर अवस्था होने पर इलाज के लिए जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
वहीं मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बेलहरा कस्बा के मोहल्ला बखरिया टोला निवासी गुड्डू का आठ वर्षीय पुत्र जाकिर बुधवार की शाम खेत गया था। यहां किसी जहरीले सर्प ने उसे डस लिया। परिवारीजनों को जब उसकी जानकारी हुई तो उसे किसी झाड़फूंक कराने ओझा के यहां ले गए। लेकिन जब जाकिर की हालत गंभीर हो गई तो परिवारीजन उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। रास्ते में ही जाकिर की मौत हो गई। इमरजेंसी पहुंचने पर चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया।