बाराबंकी जिला अस्पताल में स्ट्रेचर भी नहीं मिला तो जमीन पर ही लेट गई पीड़ित महिला। संवाद
बाराबंकी। लगातार बढ़ रहे डेंगू के मरीजों के बीच बुधवार को रैपिड टेस्ट में संक्रमित पाए गए तीन मरीजों को भर्ती कर लिया गया। बदलते मौसम के साथ जिला अस्पताल की ओपीडी में बुखार व जुकाम के मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है।
बुधवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में 1750 मरीजों की भीड़ रही। इनमें से ढाई सौ मरीजों को बुखार, जुखाम, खांसी व बदन दर्द के साथ कमजोरी की शिकायत रही। तेज बुखार और प्लेटलेट्स की संख्या में कमी वाले मरीजों को जांच के लिए भेजा गया।
वहीं, डेंगू जैसे लक्षण वाले आलापुर के प्रिंस, घोसियाना के मुन्ना व गदवापुर के रामप्रकाश को डेंगू वार्ड में भर्ती किया गया जिनकी रेपिड टेस्ट रिपोर्ट पॉजीटिव आई है। चिकित्सक एलाइजा रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं। चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजेश कुशवाहा ने बताया कि मौसम में बदलाव के कारण वायरल का प्रकोप तेजी से फैल रहा है। इससे लोग बुखार व जुकाम आदि के शिकार हो रहे हैं। जुकाम से ग्रसित मरीज के संपर्क में आने से भी वायरल की चपेट में आने का खतरा बढ़ जाता है।
नोडल अधिकारी संचारी रोग/एसीएमओ डॉ. डीके श्रीवास्तव के मुताबिक रैपिड टेस्ट में जिले भर में सिर्फ दो ही मरीज संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि रिपोर्ट मांगने पर उनके द्वारा इन्कार कर दिया गया।
बेड नहीं मिला तो जमीन पर ही लेट गई महिला
जिला अस्पताल के इमरजेंसी में बेड फुल हो जाने के कारण एक बेड पर दो मरीजों का इलाज किया जा रहा है। कुछ मरीज स्ट्रेचर और बेंच पर लेटकर इलाज करवा रहे हैं लेकिन बुधवार को इमरजेंसी में महिला को स्ट्रेचर भी न मिल पाने पर वह परेशान होकर जमीन पर ही लेट गई।