बाराबंकी। तीन माह का अनाज अप्रैल में उठाया जाएगा, इसको लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। शासन स्तर से जारी निर्देशों का अनुपालन शुरू कर दिया गया है। इसको लेकर जिला खाद्य विपणन अधिकारी की ओर से जिला पूर्ति अधिकारी को पत्र भी भेज दिया गया है। कोटे की दुकानों पर अनाज भंडारण की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के लिए कहा गया है।
कार्डधारकों में वितरित किया जाने वाला अनाज एफसीआई गोदाम से उठाकर सीधे कोटे की दुकानों पर भेजा जाता है। कोटे की दुकानों तक अनाज पहुंचाने का जिम्मा खाद्य एवं रसद विभाग की विपणन शाखा का है और अनाज वितरण का जिम्मा पूर्ति विभाग का है। हालांकि एफसीआई के गोदाम पहले से अनाज से भरे हैं, यहां तक सरकारी चावल रखने तक की जगह नहीं बची है। जिसकी वजह से राइस मिलर्स तैयार सरकारी चावल एफसीआई गोदाम तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इस पर शासन ने अप्रैल, मई और जून माह का अनाज अप्रैल में उठाने का निर्देश जारी किया है। शासन से मिले निर्देशों का पालन भी विभाग ने शुरू करा दिया है।
मार्च के अनाज का हो रहा उठान
इस समय मार्च में वितरित किए जाने वाले अनाज का उठान कर सीधे कोटे की दुकानों पर भेजा जा रहा है। 15 मार्च तक इसकी उठान होनी है। इसके बाद 16 मार्च से अप्रैल, मई और जून के अनाज का उठान किया जाना है। इसी के आधार पर वितरण का रोस्टर भी तय होगा। ज्यादातर कोटे की दुकानें ऐसी हैं जहां पर एक साथ तीन माह का अनाज भंडारित करने की जगह नहीं है।
जिला खाद्य विपणन अधिकारी राजीव कुलश्रेष्ठ के मुताबिक, तीन माह के अनाज की उठान का आदेश शासन स्तर से मिला है। जिसका अनुपालन शुरू कर दिया गया है। रोस्टर बनाकर उसी के अनुसार तीनों माह के अनाज का उठान कराया जाएगा, जिससे किसी प्रकार की असुविधा न हो।
जिला पूर्ति अधिकारी डॉ. राकेश कुमार तिवारी ने बताया कि तीन माह का अनाज उठान और उसके वितरण को लेकर जो भी निर्देश शासन स्तर से प्राप्त होंगे उसका पालन कराया जाएगा। पूर्ति निरीक्षकों को इस संबंध में सभी प्रकार की तैयारियां सुनिश्चित कराने को लेकर निर्देश जारी किए गए हैं।