फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Barabanki News: सड़क हादसों में किसान, महिला सहित तीन की मौत, तीन गंभीर

Fri, 21 Aug 2026 01:27 AM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बाराबंकी
विज्ञापन
विज्ञापन
बाराबंकी। जिले में बुधवार रात अलग-अलग स्थानों पर हुए सड़क हादसों में महिला सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। रामसनेही घाट में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में एक युवक को कार रौंदते हुए निकल गई। वहीं, कोठी में बाइक पलटने से किसान की मौत हो गई। मोहम्मदपुर खाला में सड़क पार कर रही एक वृद्धा तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आ गई। बृहस्पतिवार को पुलिस ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
विज्ञापन

रामसनेहीघाट इलाके में अयोध्या जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र के बड़ी देवकाली निवासी अभय (18) बुधवार रात अपने साथी देवेंद्र मौर्य (20) और विराट यादव (22) के साथ बाइक से लखनऊ जा रहे थे। लखनऊ-अयोध्या हाईवे पर रामसनेहीघाट क्षेत्र में कल्याणी नदी के पास बाइक की भिड़ंत तेज रफ्तार कार से हो गई। तीनों बाइक सवार सड़क पर जा कर गिरे। इसी दौरान कार अभय को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में अभय की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि देवेंद्र और विराट गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को ट्रॉमा सेंटर, लखनऊ रेफर किया गया है। अभय तीन भाइयों में सबसे छोटे थे।
बाइक पलटने से किसान की मौत
कोठी। हेतमपुर गांव निवासी किसान सीताराम (58) परिवार के ही मनीराम (50) के साथ बाइक से रिश्तेदारी में गए थे। बुधवार देर शाम दोनों घर लौट रहे थे। हैदरगढ़-बाराबंकी मार्ग पर सोहांवा गांव के मोड़ के पास अचानक बाइक अनियंत्रित होकर फिसल गई। पीछे बैठे सीताराम का सिर सड़क से टकरा गया और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मनीराम घायल हो गए। सीताराम के परिवार में तीन बेटे और एक बेटी हैं। (संवाद)
विज्ञापन

ट्रक की चपेट में आकर वृद्धा की मौत
सूरतगंज। मोहम्मदपुर खाला थाना क्षेत्र के बीकेपुर सूरतगंज निवासी रामदुलारी (80) बुधवार देर रात सूरतगंज-महादेव मार्ग पर सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान सूरतगंज की ओर से आए तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर भाग निकला। रामदुलारी को सीएचसी ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस चालक की तलाश कर रही है।
हर 14-15 घंटे में जा रही एक जान
सड़क हादसों के मामले में बाराबंकी प्रदेश में 12वें स्थान पर है। जिले का नाम देश के 100 सर्वाधिक हादसे वाले शहरों में शामिल है। इसकी रोकथाम को लेकर किए जा रहे प्रयास भी बेमानी साबित हो रहे हैं। जिले में सड़क हादसे रोकने के लिए आठ क्रिटिकल कॉरिडोर बनाकर निगरानी की व्यवस्था के साथ ही सड़क इंजीनियरिंग में सुधार के प्रयास किए गए। इसके बावजूद जिले में औसतन हर 14 से 15 घंटे में एक व्यक्ति सड़क हादसे में जान गंवा रहा है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें