बाराबंकी। तेज रफ्तार के कारण बीते 24 घंटे में हुई तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो किसानों व एक युवक सहित तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि दो अन्य गंभीर लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनमें से एक मामले में आरोपी पिकअप चालक के खिलाफ केस भी दर्ज कर किया है। हादसों के बाद मृतकों के परिवार में कोहराम मचा है।
कुर्सी थानाक्षेत्र के ओदार गांव निवासी आनंद कुमार (22) अपने साथी अनुराग व अमर सिंह के साथ बृहस्पतिवार को कस्बा बड्डूपुर गए थे। शाम को तीनों युवक एक बाइक पर सवार होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान महमूदाबाद कुर्सी मार्ग पर बड्डूपुर थाना क्षेत्र में बाबाकुटी के निकट सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने बाइक में टक्कर मार दी। इससे बाइक सवार तीनों युवक गंभीर घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें महमूदाबाद सीएचसी पहुंचाया जहां देर शाम आनंद की मौत हो गयी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक चला रहा युवक हेलमेट पहने था। मृतक के परिजन की तहरीर पर पुलिस ने पिकअप चालक के खिलाफ केस दर्ज किया है। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मच गया।
दूसरा हादसा लोनी कटरा थाना क्षेत्र में हुआ। हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के जगपुरवा कोलहदा गांव निवासी बुधराम (52) चचेरे भाई हरिओम के साथ बाइक से बृहस्पतिवार देर रात लोनीकटरा थाना क्षेत्र के रुकनापुर गांव में एक निमंत्रण से वापस लौट रहे थे। इस दौरान लखनऊ सुल्तानपुर हाईवे पर लोनी कटरा ओवरब्रिज के पास बाइक रोककर बुधराम लघुशंका से निवृत्त होने हाईवे के दूसरी तरफ चले गए। हरिओम बाइक लेकर एक तरफ खड़ा हो गया। बुधराम पैदल सड़क पार कर बाइक की तरफ आ रहा था तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसे रौंद दिया। मृतक खेती व मजदूरी करता था। हादसे की खबर से परिवार में कोहराम मचा है।
उधर, देर शाम कोठी थाना क्षेत्र के नकटा सेहरिया गांव निवासी शिवप्रसाद के पुत्र दुर्गेश (34) कोठी से बाराबंकी की ओर वापस आ रहे थे। इसी दौरान रुद्रपुरवा गांव के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से वह घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे परिजन उन्हें इलाज के लिए लखनऊ स्थित एक निजी अस्पताल में ले गए जहां इलाज के दौरान दुर्गेश की मौत हो गई। मृतक किसान था। परिवार में पत्नी और दो बच्चे हैं।