बाराबंकी में शनिवार को गोंडा-बहराइच मार्ग पर सहावपुर के पास मार्ग दुर्घटना में क्षतिग्रस्त जीप
- फोटो : अमर उजाला
मसौली थानाक्षेत्र में सहावपुर गांव के पास बहराइच मार्ग पर शनिवार की सुबह रायबरेली डिपो की रोडवेज बस व एक बोलेरो में भिड़ंत हो गई। इस हादसे में जहां बोलेरो सवार दो लोगोें की मौके पर मौत हो गई वहीं गंभीर रूप से घायल पांच लोगों को जिला अस्पताल से ट्रॉमा सेंटर लखनऊ भेजा गया। इनमें से एक की ट्रॉमा सेंटर में मौत हो गई है। सभी मृतक व घायल गोंडा और बलरामपुर जिले के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे हैं।
बलरामपुर शहर से सवारियां लेकर लखनऊ जा रही बोलेरो व लखनऊ से बहराइच की ओर जा रही रायबरेली डिपो की रोडवेज की बस में मसौली थानाक्षेत्र के सहावपुर गांव के पास शनिवार की सुबह भिड़ंत हो गई। इस हादसे में बस सवार सभी यात्री बाल-बाल बच गए जबकि बोलेरो सवार दो यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मरने वालों में सुरेंद्र राज झा (35) पुत्र नरेंद्रनाथ झा निवासी नायर कॉलोनी जेल रोड जिला गोंडा व गोंडा कोतवाली देहात के चैरपुर गांव निवासी संतोष(30) शामिल हैं। वहीं गंभीर रूप से घायल हुए पांच लोग अनिल कुमार (40) पुत्र दयाराम निवासी जेल रोड गोंडा, अरविंद (34) जेल रोड गोंडा, मोहम्मद कलीम (42) निवासी मधवाज्योति कोतवाली बलरामपुर व संजय यादव पुत्र सालिकराम (35) निवासी ग्राम बांसेढीला जिला बलरामपुर व संजय कुमार (35) नाम पता अज्ञात और एक और 35 वर्षीय यात्री ट्रॉमा सेंटर भेजा गया था।
इनमें से संजय कुमार यादव (35) पुत्र सालिकराम ने ट्रॉमा सेंटर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया है। बाकी घायलों का ट्रॉमा सेंटर में ही इलाज किया जा रहा है। एसओ मसौली एसपी सिंह का कहना है कि हादसे के बाद बोलेरो व बस को कब्जे में लिया गया है।
एक मृतक सुरेंद्र राज झा गोंडा में अर्थ एवं सांख्यिकी विभाग में लिपिक के रूप में कार्यरत था। वहीं मृतक संतोष लखनऊ के मेयो अस्पताल में भर्ती अपने छोटे भाई को देखने जा रहा था।