सूरतगंज (बाराबंकी)। मोहम्मदपुर खाला थाने के करनपुर गांव में रास्ते पर खड़े ट्रैक्टर में टक्कर लगने को लेकर दो पक्षों में विवाद हो गया। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हो गई। मारपीट की घटना में एक महिला सहित तीन लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। सभी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों पक्षों पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
करनपुर गांव निवासी अनिल वर्मा का ट्रैक्टर रोज की तरह रास्ते के पास खड़ा था। ट्रैक्टर लेकर गुजर रहे श्यामू ने अनिल के ट्रैक्टर में टक्कर मार दी। जिसका विरोध अनिल व उसके बेटे आलोक वर्मा ने किया तो श्यामू के घर वाले मारपीट पर उतारू हो गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लाठी-डंडे व धारदार हथियार से हमला बोल दिया।
इसमें एक पक्ष के श्यामू को और दूसरे पक्ष के अनिल व उसकी पत्नी रामलली को गंभीर चोटें आई हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया जहां से तीनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। प्रभारी निरीक्षक वीरेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। (संवाद)
कब्जा हटवाने से नाराज दबंगों ने दंपती को पीटा
हैदरगढ़। मर्दापुर गांव में सार्वजनिक रास्ते से राजस्व कर्मियों द्वारा अवैध कब्जा हटाए जाने से नाराज दबंगों ने शिकायतकर्ता की पिटाई कर दी। साथ में मौजूद पत्नी को भी मारापीटा शिकायत पर पुलिस ने दोनों को घायल अवस्था में सीएचसी भेजा है। बुधवार को मर्दापुर मजरे पोखरा के जयकरन अपनी पत्नी कलावती को साथ लेकर इलाज के लिए जा रहे थे।
आरोप है कि गांव के रामकेश, हरिराम इनकी पत्नी, अजय आदि ने मारापीटा जिसमें पत्नी को गंभीर चोट आई हैं। मालूम हो तीन दिन पहले गांव के शीतला माता मंदिर व वार्षिक मेला स्थल के पुराने रास्ते पर अवैध कब्जे की शिकायत की गई थी। जिस पर राजस्व लेखपाल व पुलिस ने मौके पर निर्माण बंद करा कर रास्ते से अतिक्रमण हटवाया था। कोतवाल ओमवीर सिंह ने बताया कि मारपीट में घायल लोगों को सीएचसी भेजा गया है। पुलिस जांच कर कार्रवाई करेगी। (संवाद)