बाराबंकी। बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी की फर्जी तरीके से जिले में एंबुलेंस पंजीकरण मामले में फरार चल रहे पांच आरोपियों को पुलिस अभी तक पकड़ नहीं सकी है। पुलिस टीम इन आरोपियों की तलाश के लिए एक बार फिर से मऊ व गाजीपुर जिले के लिए रवाना की गई है। इस मामले में पुलिस ने अब तक चार लोगों को पकड़कर जेल भेजा है।
बता दें कि फर्जी प्रपत्र के आधार पर वर्ष 2013 में पंजीकृत कराई गई मुख्तार अंसारी की एंबुलेंस मामले में बीते दो अप्रैल को शहर कोतवाली में केस कराया गया था। इस मामले में मऊ जिले की अस्पताल संचालिका डॉ. अलका राय को नामजद किया गया था। इसके बाद पुलिस ने जांच करते हुए डॉ. अलका के सहयोगी मऊ के ही डॉ. शेषनाथ राय सहित राजनाथ यादव, आनंद यादव के साथ-साथ मुख्तार अंसारी, उसके विधायक प्रतिनिधि मो. सैयद मुजाहिद, मो. जाफरी उर्फ शाहिद व गाजीपुर जिले के निवासी एंबुलेंस चालक सलीम, सुरेंद्र शर्मा व अफरोज खान को भी आरोपी बनाया था।
इस मामले में अब तक पुलिस ने डॉ. अलका राय, शेषनाथ राय, राजनाथ यादव व आनंद यादव को जेल भेजा है। इसके अलावा बांदा जेल में निरुद्ध मुख्तार अंसारी से पुलिस ने उससे पूछताछ की है। अब पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश में जुट गई है। हालांकि बीते दिनों कई बार पुलिस टीम गैर जिलों को जा चुकी है लेकिन आरोपी पकड़ में नहीं आ सके है। शहर कोतवाल पंकज सिंह ने बताया कि फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस टीम भेजी गई है। जल्द ही आरोपी पुलिस की गिरफ्त में होंगे।