कोढ़वा-अगासड़ मार्ग पर इसी ट्रैक्टर से कुचलकर हुई बालक की मौत। -संवाद
बाराबंकी। सड़क हादसों में दो युवकों व एक मासूम की मौत हो गई जबकि पांच साल का एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिए गए।
बस्ती जिले के सोनबरसा गांव निवासी अरविंद निषाद (20) शनिवार देर रात अपने भाई अजय (19) के साथ लखनऊ से बस्ती जा रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक सफेदाबाद के पास पहुंची, एक अज्ञात वाहन से जोरदार टक्कर लग गई। हादसे में अरविंद गंभीर रूप से घायल हो गए। अजय उन्हें जिला अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
कुर्सी क्षेत्र के सरैया गांव निवासी राजन सिंह (20) होली के मौके पर असंद्रा क्षेत्र के पहला गांव निवासी अपने रिश्तेदार गुड्डू सिंह के घर जा रहे थे। शनिवार देर रात देवीगंज-सुबेहा मार्ग पर गनी की पुलिया के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बोलेरो की टक्कर बाइक में लग गई। हादसे में राजन की मौत हो गई।
कुर्सी क्षेत्र के बैनाटीकरहार गांव निवासी रंजीत यादव रविवार को 10 वर्षीय पुत्र उपेंद्र यादव को लेकर खेत की सिंचाई करने के लिए गए थे। उपेंद्र कोढ़वा-अगासड़ मार्ग के किनारे एक पेड़ की छांव में खड़ा था। उसी दौरान उधर से मोबाइल पाॅलेसर लेकर निकल रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर से वह कुचल गया जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। चालक ट्रैक्टर छोड़ कर भाग गया। शाम को पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
लोनीकटरा के खैराकनकू गांव में रविवार को सुनील रावत का पांच साल का पुत्र अंकुल घर के बाहर खेल रहा था। तेज गति से निकले ट्रक की चपेट आकर वह घायल हो गया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़ कर भाग गया। एसएचओ दोमित्र सेन रावत ने बताया कि मौरंग लदे ट्रक को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बच्चे को लखनऊ के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।