बाराबंकी। शहर में सक्रिय शातिर आटोलिफ्टर गिरोह के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से पुलिस ने चोरी की चौदह बाइक बरामद करने का दावा किया है। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर चालान भेजा है।
एसपी यमुना प्रसाद ने शनिवार बताया कि शहर कोतवाल पंकज सिंह की पुलिस टीम ने तीन आरोपी रवि कश्यप निवासी अशोक नगर सूतमिल चौराहा, शिवा सिंह निवासी खालिशपुर जफरपुर थाना रामनगर व रिंकू निवासी अतरौरा थाना जहांगीराबाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी की चौदह बाइकें भी बरामद की है।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह बाराबंकी, लखनऊ व आस-पास के जिलों के विभिन्न थाना क्षेत्र में पुरानी बाइक में मास्टर चाभी लगाकर और लॉक खोलकर चोरी करते हैं। अगर रास्ते में बाइक का तेल खत्म हो जाता है तो बाइक वहीं छोड़ देते हैं।
चोरी की बाइक को मुश्तकीम कबाड़ी सोमैयानगर को बेंच देता है और वह बाइकों को काट कर छोटे-छोटे भाग में कर देता है। इसके अलावा आरोपी चोरी की बाइकों का नंबर बदल कर अपने दोस्तों को भी चलाने के लिए दे देता है और बाद में उनसे वापस लेता है। एसपी ने बताया कि पुलिस इस गिरोह के अन्य लोगों का भी पता लगा रही है।