बाराबंकी। कोर्ट में गवाही देने आई दुष्कर्म पीड़िता की बहन और मां से आरोपियों ने दिनदहाड़े मुकदमा वापस लेने का दबाव बनाया और पीड़िता की बहन को उठा लेने की धमकी दी। दोनों ने कोर्ट वापस जाकर आपबीती बताई और आगे गवाही देने के लिए पुलिस से सुरक्षा की मांग की। शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार को चार पर केस दर्ज किया।
रामनगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की युवती का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किए जाने का मुकदमा वर्ष 2020 में दर्ज किया गया था। पीड़िता की बहन ने शहर कोतवाली में तहरीर देकर बताया कि 20 जनवरी को मुकदमे में गवाही के लिए वह मां के साथ कचहरी गई थी। लेकिन कचहरी में निरीक्षण के कारण वकील ने अगली तारीख पर गवाही के लिए बुलाया। मां-बेटी दोनों किसी वाहन की तलाश में शहर के जमुरिया नाला के पास पहुंचे। आरोप है कि यहीं पर आरोपी आदन, राजू, विनय और रवि आ गए। इन लोगों ने मुकदमा वापस लेने या सुलह न करने पर पीड़िता की बहन का अपहरण और हत्या करने की धमकी दी। इससे मां-बेटी दहशत में हैं। शहर कोतवाल आलोक मणि त्रिपाठी ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।