बाराबंकी। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गरीबों का पैसा खाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कहना है कि न खाऊंगा और न खाने दूंगा। यह भाजपा सरकार है, यहां सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास की तर्ज पर काम हो रहा हैै। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में दुनिया में भारत का मस्तक ऊंचा हुआ है। आज भारत पांचवीं महाशक्ति बन रहा है। डिप्टी सीएम ने कहा कि एक अप्रैल से जिन किसानों के पास निजी नलकूप हैं, उनसे बिजली बिल के रूप में एक भी पैसा नहीं लिया जाएगा। वे शुक्रवार को निंदूरा ब्लॉक की बसारा ग्राम पंचायत में आयोजित चौपाल को संबोधित कर रहे थे।
डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले बहुत से कार्यों के लिए आप लोगों को राजधानी तक दौड़ना पड़ता था। इससे निजात दिलाने के लिए ग्राम चौपाल व्यवस्था शुरू की गई है, ताकि अब राजधानी खुद आपके गांव तक आए और घर बैठे आपकी समस्या का निदान कराए। उन्होंने कहा कि पहले की सरकारों में बिजली आती नहीं थी और अब जाती नहीं है। ये तभी संभव हुआ है, जब आपने कमल का बटन दबाया है।
कहा कि एक अप्रैल से निजी नलकूप किसानों को बिजली बिल का पैसा भी नहीं देना होगा। ग्रामीणों से हाथ उठवाकर उनकी समस्याएं पूछीं। ग्रामीणों को संकल्प दिलाया कि आप सभी किसी भी गोवंशीय पशु को रात में छोड़ने की बजाय दिन के उजाले में गोशाला तक छोड़ने जाएं।
डिप्टी सीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि फसलों का जो भी नुकसान हुआ है, उसका तुरंत सर्वे कराकर जल्द किसानों को मुआवजा दिया जाए। कार्यक्रम को राज्यमंत्री सतीश शर्मा, विधायक साकेंद्र प्रताप वर्मा ने भी संबोधित किया। इस मौके पार विधायक दिनेश रावत, एमएलसी अंगद सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजरानी रावत, भाजपा जिलाध्यक्ष शशांक कुशमेश, सीडीओ एकता सिंह, मनीष जायसवाल, सतीश त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
ढाई करोड़ के 21 कार्यों का किया लोकार्पण
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ग्राम बसारा में क्रांति पार्क एवं 21 विभागीय कार्यों का लोकार्पण किया, जिनकी लागत करीब दो करोड़ 55 लाख रुपये है। इनमें इंटरलॉकिंग निर्माण, नाली निर्माण, परिषदीय विद्यालयों की चारदीवारी निर्माण, टेक राशन प्लांट निर्माण, ग्राम पंचायत बसारा में क्रांति पार्क का जीर्णोद्धार के काम शामिल हैं। इसके अलावा ब्लॉक की 88 ग्राम पंचायतों को चार भागों में बांटा गया है। इन सभी स्वयं सहायता समूह को दोना पत्तल, कपड़े की दुकान आदि के लिए डेढ़ करोड़ रुपये का चेक दिया गया।