बाराबंकी। नवरात्र में घर-मंदिर से लेकर पूजा पंडालों तक मां दुर्गा के विभिन्न स्वरूपों की पूजा अर्चना होे रही है। शुक्रवार को श्रद्धालुओं ने मां के चौथे स्वरूप कूष्मांडा की पूजा-अर्चना कर आशीष मांगा। इस मौके पर बड़ी देवी मंदिर, मुड़कटी देवी मंदिर, धनोखर मंदिर समेत सभी देवी मंदिरों में सुबह से लेकर देर शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही। पूरा माहौल माता के जयकारों से गूंजता रहा।
नगरपालिका परिषद में आयोजित पूजा पंडाल में शुक्रवार को पूरा माहौल उत्सव सरीखा दिखा। इस मौके पर दोपहर में मेहंदी व वाद विवाद प्रतियोगिता हुई। इसमें करीब ढाई सौ छात्राएं शामिल हुई। प्रतियोगिताओं के दौरान नगर कोतवाली पुलिस द्वारा मिशन शक्ति के तहत छात्राओं व महिलाओं को जागरूक भी किया गया।
प्रतियोगिता प्रभारी अजय शुक्ला, रामेंद्र दीपक, अमन त्रिवेदी, आभा कपूर, शिफाली निगम, लाविका राज,राजन शर्मा, राजेश गुप्ता आदि मौजूद रहे। वहीं आवास विकास कॉलोनी में सजे पंडाल मेंं मां के दर्शन के लिए कतार लगी रही। दोपहर में रंगोली व मेंहदी प्रतियोगिता हुई वहीं शाम को नृत्य प्रतियोगिता मेंं बच्चों ने बेहतरीन प्रस्तुति दी।